सिरसा। फसली सीजन के चलते जिले में वैक्सीनेशन ड्राइव में लोगों का उत्साह कम हो गया है। पहले जहां वैक्सीनेशन सेंटरों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रहती थी वहीं अब लोग वैक्सीन लगवाने से कतरा रहे हैं। सरकारी आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक 7.75 लाख लोगों को पहली डोज लग चुकी है जबकि दो लाख 60 हजार 794 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। जिले में कुल 10.33 लाख लोगों को वैक्सीन डोज लगाई जानी है। विभाग का प्रयास है कि फेस्टिवल सीजन से पहले सभी लोगों को वैक्सीन डोज लग जाएं परंतु अब लोग वैक्सीन में कम रूचि ले रहे हैं। सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले विभाग का लक्ष्य है कि संक्रमण का खतरा टालने के लिए सभी लोगों को वैक्सीन डोज लगाई जाए।
कोरोना वैक्सीनेशन के लिए अभियान जारी
जिले में अब तक 10 लाख 36 हजार 566 लोगों को कुल वैक्सीन डोज लग चुकी हैं। इनमें से 7 लाख 75 हजार 772 लोगों को पहली तथा दो लाख 60 हजार 794 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। जिले में अब तक 18 से 44 आयु वर्ग के चार लाख 43 हजार 858 लोगों को पहली डोज लगा चुकी है जबकि 91270 लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। 45 से 60 आयु वर्ग के एक लाख 80 हजार 879 लोगों को पहली डोज लग चुकी है जबकि 76310 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। 60 वर्ष से अधिक उम्र के एक लाख 37 हजार 62 लोगों को पहली डोज लग चुकी है जबकि 80,199 लोगों को दोनों डोज लग चुकी है।
सिरसा सिविल सर्जन डा मनीष बंसल के अनुसार
वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फसली सीजन में टीमों को सुबह सवेरे घरों में भेजा जाता है। जिले में दूसरी डोज से वंचित रहने वालों को ब्लक में एसएमएस भेजे जा रहे हैं। लोगों को घरों में जाकर भी वैक्सीन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।