All for Joomla All for Webmasters
पंजाब

मंत्री राणा गुरजीत की सोनिया गांधी से शिकायत, विधायकों ने की पार्टी से निकालने की मांग, जानें पूरा मामला

Punjab Chunav 2022 कपूरथला से विधायक व कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह के बेटे राणा इंदर प्रताप के सुल्तानपुर लोधी से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद पार्टी के तीन विधायकों व एक पूर्व विधायक ने सोनिया गांधी को पत्र लिखा है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Punjab Chunav 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकटों की पहली सूची जारी होने के बाद एक बार फिर अंतर्कलह बढ़ने लगी है। बटाला और बस्सी पठाना हलकों के बाद अब सुल्तानपुर लोधी हलके में भी कांग्रेस में विद्रोह शुरू हो गया है। कपूरथला से विधायक व कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह के बेटे राणा इंदर प्रताप के सुल्तानपुर लोधी से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद पार्टी के तीन विधायकों व एक पूर्व विधायक ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा है कि कांग्रेस की पीठ में छूरा मारने वाले राणा गुरजीत को पार्टी से निष्कासित किया जाए। राणा दोआबा की करीब आधा दर्जन सीटों पर कांग्रेस को कमजोर कर रहे हैं।

सुल्तानपुर लोधी से विधायक नवतेज चीमा, फगवाड़ा के विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल, जालंधर उत्तरी के विधायक अवतार हैनरी जूनियर और ईडी के केस में जेल में बंद भुलत्थ से पूर्व विधायक सुखपाल खैहरा (चारों इस बार पार्टी के उम्मीदवार) ने पत्र में लिखा है कि 2018 में रेत खड्ड को अवैध रूप से लेने के मामले में संलिप्त रहे राणा गुरजीत सिंह को कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा था। राणा अब कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। राणा सुल्तानपुर लोधी, फगवाड़ा, भुलत्थ, जालंधर उत्तरी, बंगा में पार्टी को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। राणा ने सुल्तानपुर लोधी में अपने बेटों को चुनाव मैदान में उतारा है।

विधायकों ने लिखा कि वह राज्य नेतृत्व को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों के बारे में बता रहे हैं, दुर्भाग्य से अवैध खनन के गंभीर आरोपों में क्लीन चिट मिले बगैर कैबिनेट मंत्री बना दिया। उन्होंने लिखा कि दोबारा मंत्री बनने के बाद राणा गुरजीत सिंह ने अहंकार दिखाते हुए सुल्तानपुर लोधी से दो बार के कांग्रेस विधायक नवतेज सिंह चीमा के खिलाफ अपने बेटे राणा इंदर प्रताप ¨सह को निर्दलीय उम्मीदवार घोषित किया। यह और कुछ नहीं बल्कि पार्टी के अनुशासन का घोर उल्लंघन है और साथ ही चुनाव के महत्वपूर्ण क्षण में पार्टी की पीठ में छुरा घोंपने के बराबर है।

उल्लेखनीय है कि यह तीसरी ऐसी सीट है जहां पर खासा विवाद हो रहा है। बस्सी पठाना जहां से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भाई ने आजाद चुनाव लड़ने की घोषणा की है तो फतेहगढ़ चूड़ियां से उम्मीदवार बनाए गए तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के समर्थक उन्हें बटाला से टिकट देने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने बटाला में शक्ति प्रदर्शन भी किया।

Source :
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

लोकप्रिय

To Top