All for Joomla All for Webmasters
मनोरंजन

The Kashmir Files: पहले सोमवार को रिकॉर्ड तोड़ कमाई, जानें- ‘द कश्मीर फाइल्स’ का 4 दिनों का कलेक्शन

The Kashmir Files Box Office Collection Day 4 द कश्मीर फाइल्स का निर्देशन विवेक रंजन अग्निहोत्री ने किया है। फिल्म में अनुपम खेर मिथुन चक्रवर्ती दर्शन कुमार और पल्लवी जोश ने प्रमुख किरदार निभाये हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है।

नई दिल्ली, जेएनएन। निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स बॉक्स ऑफिस पर एक सरप्राइज के तौर पर उभरी है। नब्बे के दौर में कश्मीरी पंडितों के घाटी से निष्कासन की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ने रिलीज के चार दिनों कमाई का ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो कई बड़े बजट और चेहरे वाली फिल्मों को नसीब नहीं होता। कमाल की बात यह है कि द कश्मीर फाइल्स ने पहले सोमवार को जितना कलेक्शन किया, वो ओपनिंग डे के मुकाबले लगभग साढ़े चार गुना अधिक है। बॉक्स ऑफिस की ऐसी तस्वीर भारतीय सिनेमा में बेहद दुर्लभ है।

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक 14 मार्च को द कश्मीर फाइल्स ने 15.05 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है, जिसके साथ फिल्म का 4 दिनों का नेट कलेक्शन 42.20 करोड़ पर पहुंच चुका है। आम तौर पर वर्किंग वीकेंड शुरू होने के बाद फिल्मों के कलेक्शंस गिरते हैं, मगर द कश्मीर फाइल्स ने पहले सोमवार को लिटमस टेस्ट पूरे नम्बरों से पास कर लिया। पहले सोमवार की कमाई लगभग रविवार के कलेक्शंस के बराबर ही है। ओपनिंग वीकेंड के तीसरे दिन रविवार को फिल्म ने 15.10 करोड़ जमा किये थे।

11 मार्च को सिनेमाघरों में पहुंची द कश्मीर फाइल्स ने 3.55 करोड़ की सामान्य ओपनिंग ली थी। इसके बाद शनिवार को 100 फीसदी से अधिक जम्प लेते हुए 8.50 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था। ओपनिंग वीकेंड में द कश्मीर फाइल्स ने 27.15 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। 

द कश्मीर फाइल्स ऐसी फिल्म है, जिसने सोशल मीडिया में रिलीज से पहले ही एक बहस छेड़ दी थी, जो इसके सिनेमाघरों में पहुंचने के बद तेज हुई है और इसी बहस का असर टिकट विंडो पर भी नजर आ रहा है। फिल्म का इमोशनल कंटेंट लोगों को काफी पसंद आ रहा है और कश्मीरी पंडितों के निष्कासन की सच्चाई पर्दे पर देखने के लिए वे बेकरार हैं।

फिल्म के विषय को देखते हुए कई राज्यों में इसे टैक्स फ्री घोषित किया जा चुका है। इनमें हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्य शामिल हैं। द कश्मीर फाइल्स में दर्शन कुमार, अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पुनीत इस्सर और पल्लवी जोशी ने मुख्य किरदार निभाये हैं।

Source :
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

लोकप्रिय

To Top