ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर धर्म कालोनी में रितु यादव ने बृहस्पतिवार दोपहर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर धर्म कालोनी में रितु यादव ने बृहस्पतिवार दोपहर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्महत्या करने से पहले उसने पांच पेज का सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें आत्महत्या के लिए ससुराल के लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। यही नहीं बाएं हाथ पर भी लिखकर ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। सभी दहेज की मांग को लेकर उसे शादी के कुछ दिन बाद से ही परेशान कर रहे थे। मृतका के भाई कुलदीप यादव की शिकायत पर पालम विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक धर्म कालोनी में रह रहे मूल रूप से गांव कार्टरपुरी निवासी कुलदीप यादव ने अपनी बहन रितु यादव की शादी इसी साल 18 फरवरी को दिल्ली के नजफगढ़ जिले के गांव दिरयापुर निवासी चेतन यादव के साथ की थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद रितु को उसके जेठ कुलदीप, उसकी पत्नी शोभा, सास रमेश देवी के साथ ही पति चेतन यादव दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। तंग आकर वह पांच मई को मायके आ गई थी। 19 मई की सुबह 10 बजे चेतन ने कुलदीप को फोन करके कहा कि रितु को ससुराल छोड़ जाओ। इस पर कुलदीप ने कहा कि आज टाइम नहीं है, कल छोड़ जाएंगे। इसके बाद चेतन का दोबारा फोन नहीं आया। लगभग पौने एक बजे रितु ने कुलदीप को फोन करके पूछा कि चेतन का फोन आया था। इस पर कुलदीप ने कहा कि नहीं। कुछ देर बाद रितु ने कमरे में फांसी लगा ली। उसे तत्काल नजदीक अस्पताल में ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। कुलदीप यादव का कहना है कि उनकी बहन ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है।