गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के संगठन मंत्री बीएल संतोष कल गुजरात पहुंचे थे। इसके बाद ही कयास लगाए जा रहे थे कि वह इस्तीफा दे सकते हैं। राज्यपाल से मिलने के बाद खुद रुपाणी ने इस्तीफे का ऐलान किया।
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मिलकर रुपाणी ने अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा देने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए रुपाणी ने कहा, ‘मैं भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपना आभार व्यक्त करता हूं कि मेरे जैसे एक कार्यकर्ता को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी। इस दायित्व को अच्छी तरह से निभाते हुए मेरे कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का विशेष मार्गदर्शन मिलता रहा है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में गुजरात ने नए आयाम छुए हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे गुजरात के लिए जो कुछ करने का आवसर मिला उसके लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री जी का आभारी हूं। अब नए नेतृत्व में यह यात्रा आगे बढ़नी चाहिए। यह ध्यान में रखकर मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है। भाजपा की परंपरा रही है कि समय के साथ कार्यकर्ताओं के दायित्व बदलते रहते हैं। जो दायित्व पार्टी द्वारा दिया जाता है पूरे मनोयोग से कार्यकर्ता उसका निर्वहन करते हैं।’
![](https://hindi.officenewz.com/wp-content/uploads/2021/08/officenewzlogo_vr2-1.jpg)