राज्य के प्रारंभिक स्कूलों के शिक्षक सिलेबस के साथ-साथ हैंडबुक से भी बच्चों को पढ़ाएंगे। इसके लिए चौथी से आठवीं तक का हैंडबुक तैयार किया जाएगा। यह हैंडबुक सिलेबस के आधार पर ही तैयार किया जाएगा। इसके लिए स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने 16 शिक्षकों की एक टीम बनाई है। हैंडबुक गणित, विज्ञान, हिन्दी और अंग्रेजी विषय का होगा। हैंडबुक तैयार के लिए संबंधित शिक्षकों को झारखंड शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद में प्रतिनियुक्त किया जा रहा है। ये शिक्षक 20 से 30 दिसंबर तक इसे तैयार कर लेंगे। इस संबंध में संबंधित जिलों को शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का निर्देश देते हुए उन्हें विरमित करने को कहा है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की राज्य परियोजना निदेशक किरण कुमारी पासी ने निर्देश दिया है कि शिक्षक पठन-पाठन के दौरान हैंडबुक का उपयोग करेंगे। साथ ही, उसमें दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार पाठ्यपुस्तक से बच्चों को पढ़ाएंगे।
पहले चरण में चौथीं-पांचवीं का हैंडबुक तैयार होगा
पहले चरण में चौथी और पांचवीं के सभी विषयों का हैंडबुक तैयार किया जाएगा। उसके बाद सभी कक्षाओं का तैयार किया जाएगा। हैंडबुक में सिलेबस को छोटा किया जाएगा। किस माह सिलेबस में कितने चैप्टर पढ़ाए जाने हैं, उसकी चर्चा रहेगी। साथ ही, इसमें की-नोट्स भी रहेंगे, जो विषय को समझाने में शिक्षकों की मदद करेंगे।
2022-23 शैक्षणिक सत्र से लागू किया जाएगा नया सिस्टम
हैंड बुक का 2022-23 शैक्षणिक सत्र से लागू किया जाएगा। हैंडबुक तैयार करने के लिए अंग्रेजी और हिंदी के तीन-तीन और गणित व विज्ञान के पांच-पांच शिक्षकों को लगाया गया है। इसमें अर्पिता चटर्जी, राकेश रंजन, सुचंद्रा रुद्रा, डॉ सुभाष कुमार यादव, संध्या सिंह, बिंदेश्वर पाठक, सुखेश मुखर्जी, विश्वजीत घोष. सच्चिदानंद दुबे, मनोज कुमार सिंह, अंजु कुमारी, बुधराम महतो, अनिता अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद नेवार और रानी पूनम शामिल हैं।