अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार जहां अप्रैल का महीना साल का चौथा महीना होता है वहीं इसी महीने से हिंदू नव वर्ष की शुरुआत होती है। खास बात यह है कि इस माह 2 अमावस्या पड़ रही है। ऐसे में इस महीने का अन्य सभी महीनों की तुलना में महत्व कई गुना बढ़ जाता है। सिर्फ इतना ही नहीं इस महीने रामनवमी, उत्तरायण, चैत्र अमावस्या, चैत्र पूर्णिमा, जैसे ढेरों व्रत और उत्सव भी मनाये जाते हैं।
ये भी पढ़ें : Horoscope 1 April 2022: मेष, कन्या और मीन राशि वालों को हो सकती है धन की हानि, जानें सभी राशियों का भविष्यफल
हिंदू पंचांग की गणना के अनुसार अप्रैल माह की शुरूआत उत्तराभाद्रपद नक्षत्र के तहत अमावस्या तिथि से होगी। इस महीने का समापन अश्विनी नक्षत्र के तहत अमावस्या तिथि पर ही होगा। आइए जानते हैं सभी बारह राशियों के जातकों के लिए यह महीना क्या कुछ लेकर आने वाला है-
मेष राशि: मेष राशि के जातकों के लिए यह माह बेहद सफल रहने वाला है। मेष राशि के जातकों को जहां कई क्षेत्रों में सफलता मिलने के आसार हैं वहीं कुछ क्षेत्रों में परेशानी की भी संभावना है। काम का भी दबाव बढ़ेगा। रुके हुए कार्यों में तेजी आएगी। नए क्षेत्र में भी निवेश करने का मौका मिल सकता है, बचत की हुई राशि भी इस दौरान खर्च हो सकती है। स्वास्थ्य बेहतर रहने की उम्मीद है। रिश्तों की बात करें तो प्रेम संबंधी मामलों में यह महीना काफी अच्छा रहने वाला है।
वृषभ राशि: वृषभ राशि के जातकों के लिए यह माह हर क्षेत्र में अच्छा रहने वाला है। दशम भाव में बृहस्पति, मंगल और शुक्र की उपस्थिति रहने से आपको भाग्य का पूर्ण साथ मिलेगा लेकिन माह के मध्य में बुध का राहु के साथ द्वादश भाव में होना घर परिवार में मुश्किलें बढ़ा सकता है। इस दौरान आपके लिए धन लाभ का योग बन सकता है। स्वास्थ्य की बात करें तो छोटी मोटी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। बृहस्पति के साथ सूर्य के दशम भाव में स्थित होने से आमदनी बढ़ेगी। परिवार में तनातनी के संकेत दिखाई दे रहे हैं।
मिथुन राशि: मिथुन राशि के जातकों के लिए यह माह कई क्षेत्रों में कामयाबी लेकर आएगा। राशि स्वामी बुध इस दौरान दशम भाव में रहेंगे और इसकी वजह से नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन मिलेगा। बुध की पंचम भाव में पूर्ण दृष्टि होने से आपके प्रेम की डोर मजबूत होगी और अविवाहित कपल विवाह का भी फैसला कर सकते हैं। छात्रों के लिए यह समय बेहद अनुकूल है। महीने की शुरुआत में दूसरे भाव पर शनि की दृष्टि रहेगी जिससे परिवार में अशांति हो सकती है। रोग भाव के स्वामी मंगल के नवम भाव में होने से किसी बीमारी से ग्रसित हैं तो इस वक्त इलाज से फायदा होगा। इसके साथ ही कारोबार और व्यापार में तरक्की से आमदनी बढ़ने का योग है।
कर्क राशि: कर्क राशि के जातकों के लिए दशम भाव के मालिक मंगल के बृहस्पति के साथ अष्टम भाव में रहने से मल्टी नैशनल कंपनी में काम कर रहे लोगों को सफलता मिलने वाली है। नयी नौकरी के साथ जॉब प्रमोशन की उम्मीद है। विदेश में पढ़ाई करने के इच्छुक लोगों को मौका मिल सकता है। घर-परिवार में माहौल अच्छा रहेगा, हालांकि इस दौरान लव लाइफ में कठिनाई आने के साथ प्रेमी के साथ दूरियां बढ़ सकती हैं। स्वास्थ्य उत्तम रहने के संकेत हैं, साथ ही आमदनी में वृद्धि होगी। पुराने विवाद भी हल होते दिखाई दे रहे हैं।
सिंह राशि: सिंह राशि के जातकों के लिए राहु के दशम भाव में होने से नौकरी पेशा लोगों की तरक्की होगी। धन लाभ के संकेत मिल रहे हैं, साथ ही व्यापारियों के लिए यह समय उत्तम रहेगा। विद्यार्थियों को मेहनत के अनुकूल परिणाम मिलेगा। सप्तम भाव में शुक्र के होने से लव लाइफ अच्छी रहने वाली है। स्वास्थ्य के मामले में कुछ चुनौतियां रहेंगी, लेकिन मानसिक और शारीरिक दूरियां खत्म होने के आसार हैं। विदेशी व्यापार से जुड़े जातकों को फायदा मिलता हुआ दिखाई दे रहा है।
कन्या राशि: कन्या राशि के जातकों के लिए यह माह सामान्य रहने वाला है। हालांकि कई मामलों में आपको परेशानी का सामना करना होगा। सेहत को लेकर बहुत अच्छा नहीं कहा जा सकता है, लेकिन धन लाभ के प्रबल संकेत दिखाई दे रहा है। पंचम भाव में शनि के साथ मंगल ही युति होने से प्रेम जीवन में तनाव बना रहेगा। कई वर्षों से रुक हुआ धन मिलने के आसार हैं। सेहत सामान्य रहेगा, लेकिन मामूली बीमारियों से परेशान हो सकते हैं।
तुला राशि: तुला राशि के जातकों को इस माह कई क्षेत्रों में कामयाबी मिल सकती है। रोजगार में भी नये अवसर मिल सकते हैं। इस दौरान आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इस दौरान जातक का प्रेम संबंध अच्छा रहेगा साथ ही कई जातकों के लिए विवाह का भी योग है। सूर्य छठे भाव में रहेंगे और आपकी सेहत में सुधार होगा। सरकारी नौकरी वालों के लिए यह समय अनुकूल रहेगा और उनका प्रमोशन भी हो सकता है।
वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह माह कई क्षेत्रों में कामयाबी लेकर आएगा। सूर्य के पंचम भाव में होने से कार्यक्षेत्र में सफलता मिल सकती है, छात्रों के लिए यह अनुकूल समय होगा। प्रेम जीवन में थोड़ी परेशानियां आ सकती हैं। सेहत की बात करें तो बहुत सारी स्वास्थ्य समस्याएं दूर होंगी। बृहस्पति के चतुर्थ भाव में मंगल और शुक्र के साथ होने से केस मुकदमों से छुटकारा मिलेगा और संपत्ति के विवाद सुलझ जाएंगे। कई जातकों को गुप्त धन मिलने के संकेत हैं।
धनु राशि: धनु राशि के जातकों के लिए कुछ क्षेत्रों में सफलता मिलेगी तो कुछ में परेशानी उठानी पड़ सकती है। इस दौरान रोजगार में सफलता मिलने के साथ नए मौके मिलेंगे और सरकारी क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को फायदा होगा। प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को कामयाबी मिल सकती है। लव लाइफ भी अच्छी रहेगी। यह आर्थिक तरक्की का समय होगा। शनि की वजह से आपको मेहनत तो करनी पड़ेगी लेकिन उसका फल भी मिलेगा। हालांकि स्वास्थ्य को लेकर कुछ परेशानी हो सकती है। शुक्र के तृतीय भाव में मंगल और बृहस्पति के साथ युक्त होने से आपको मानसिक परेशानी हो सकती है।
मकर राशि: मकर राशि के जातकों के दशम भाव के स्वामी शुक्र के द्वितीय भाव में बृहस्पति के साथ रहने से कामकाज में सफलता मिलेगी। व्यापार में लाभ मिल सकता है, विद्यार्थियों के लिए यह समय लाभदायक रहेगा। परिवार एक लोगों का सपोर्ट मिलेगा। आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती हुई दिखाई दे रही है। आपको कारोबार में धन लाभ होगा। स्वास्थ्य भी मोटे तौर पर अच्छा रहेगा लेकिन महीने के उत्तरार्ध में बुध के चतुर्थ भाव में राहु के साथ रहने से छोटी-छोटी परेशानियां हो सकती हैं।
कुंभ राशि: कुंभ राशि के जातकों के लिए यह माह करियर और आर्थिक तौर पर अच्छा रहेगा। लग्न में बृहस्पति और शुक्र के एक साथ होने से कार्यक्षेत्र में प्रमोशन मिलने के साथ ही तरक्की के योग बन रहे हैं। हालांकि इस दौरान कुछ मानसिक तनाव हो सकता है। तृतीय भाव में बुध के होने से लवमेट के साथ मनमुटाव दूर होंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होने का संकेत है। इस दौरान छोटी मोटी बीमारियों से परेशान रह सकते हैं लेकिन छठे भाव में शनि की पूर्ण दृष्टि होने से किसी बड़े रोग से छुटकारा मिलेगा।
मीन राशि: मीन राशि के जातकों को मानसिक तनाव से गुजरना पड़ सकता है। करियर के मामले में मीन राशि के जातकों को कठिनाई होगी। नौकरी में बाधा उत्पन्न हो सकती है और विद्यार्थियों के लिए भी यह समय आसान नहीं होगा। पंचम भाव पर शनि की पूर्ण दृष्टि रहने से विद्यार्थियों को मेहनत करनी पड़ेगी, हालांकि इसका फल आगे चलकर अच्छा मिलेगा। जीवन साथी के साथ लड़ाई झगड़े हो सकते हैं। मीन राशि के जातकों के लिए आर्थिक दृष्टिकोण से यह समय फलदायक रहेगा। शनि के बारहवें भाव में गोचर करने से आप किसी बड़े रोग से मुक्त हो जाएंगे।
अप्रैल 2022 गोचर और अस्त ग्रहों की जानकारी
- मंगल का कुंभ राशि में गोचर (07 अप्रैल, 2022)
- बुध का मेष राशि में गोचर (08 अप्रैल 2022)
- राहु गोचर (12 अप्रैल, 2022)
- केतु गोचर (12 अप्रैल, 2022)
- बृहस्पति गोचर (13 अप्रैल, 2022)
- सूर्य का मेष राशि में गोचर (14 अप्रैल 2022)
- बुध का वृषभ राशि में गोचर (25 अप्रैल 2022)
- शुक्र का मीन राशि में गोचर (27 अप्रैल, 2022)
- शनि गोचर (29 अप्रैल, 2022)