All for Joomla All for Webmasters
समाचार

Droupadi Murmu Oath: ‘मैं शपथ लेती हूं…’ इतिहास रचकर पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू

Droupadi Murmu Oath Ceremony: संसद भवन के सेंट्रल हॉल में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) को पद की शपथ दिलाई.

Droupadi Murmu Oath as President: नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को संसद भवन के सेंट्रल हॉल में पद और गोपनियता की शपथ ली. इसके साथ ही द्रौपदी मुर्मू ने इतिहास रच दिया और देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनीं. बता दें कि चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमना (CJI NV Ramana) ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) को 15वें राष्ट्रपति के रूप में पद की शपथ दिलाई. द्रौपदी मुर्मू इस सर्वोच्च संवैधानिक पद को संभालने वाली देश की दूसरी महिला और स्वतंत्र भारत में पैदा होने वाली पहली राष्ट्रपति हैं.

राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू का पहला संबोधन

राष्ट्रपति पद का शपथ लेने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने अपने पहले संबोधन में कहा, ‘जोहार ! नमस्कार ! मैं भारत के समस्त नागरिकों की आशा-आकांक्षा और अधिकारों की प्रतीक इस पवित्र संसद से सभी देशवासियों का पूरी विनम्रता से अभिनंदन करती हूं. आपकी आत्मीयता, आपका विश्वास और आपका सहयोग, मेरे लिए इस नए दायित्व को निभाने में मेरी बहुत बड़ी ताकत होंगे.’ उन्होंने आगे कहा, ‘भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर निर्वाचित करने के लिए मैं सभी सांसदों और सभी विधानसभा सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं. आपका मत देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास की अभिव्यक्ति है.’

राष्ट्रपति भवन में रामनाथ कोविंद ने किया स्वागत

शपथग्रहण से पहले नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) सोमवार सुबह राष्ट्रपति भवन पहुंचीं, जो अगले पांच साल तक उनका घर और कार्यालय होगा. द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनकी पत्नी सविता कोविंद ने उनका स्वागत किया. इससे पहले द्रौपदी मुर्मू सुबह राजघाट पहुंची थीं, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी.

द्रौपदी मुर्मू ने चुनाव में यशवंत सिन्हा को हराया

बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए सत्तारूढ़ एनडीए ने द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया था, जबकि विपक्ष ने यशवंत सिन्हा को उतारा था. राष्ट्रपति के चुनाव के लिए 18 जुलाई को देशभर के सांसदों और विधायकों ने मतदान किया और 21 जुलाई को मतों की गणना की गई, जिसमें द्रौपदी मुर्मू ने यशवंत सिन्हा को हराकर इतिहास रच दिया. द्रौपदी मुर्मू ने निर्वाचक मंडल सहित सांसदों और विधायकों के 64 प्रतिशत से अधिक वैध वोट प्राप्त किए और भारी मतों के अंतर से जीत हासिल की. चुनाव में यशवंत सिन्हा को 3,80,177 वोट मिले थे, जबकि द्रौपदी मुर्मू को 6,76,803 वोट मिले.

Source :
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

लोकप्रिय

To Top