All for Joomla All for Webmasters
उत्तर प्रदेश

UP MLC Election Results 2022: विधान परिषद के चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- जनता विकास व सुशासन के साथ

yogi_adityanath

UP MLC Election Results 2022 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा के बाद विधान परिषद के चुनाव में भाजपा की जीत ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता को काम करने वाले पसंद हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के उच्च सदन के लिए नव निर्वाचित सदस्यों को हार्दिक बधाई दी।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी सफलता मिली है। भाजपा ने 36 में से 33 सीट पर जीत दर्ज की है। दो सीट पर निर्दलीय तथा एक पर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने जीत दर्ज की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा की इस जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसको लेकर ट्वीट भी किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनावों में भाजपा की प्रचण्ड विजय ने पुन: स्पष्ट कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रदेश की जनता राष्ट्रवाद, विकास एवं सुशासन के साथ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के बाद विधान परिषद के चुनाव में भाजपा की जीत ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता को काम करने वाले पसंद हैं। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के उच्च सदन के लिए नव निर्वाचित सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामना भी दी है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 36 सीटों के चुनाव में भाजपा ने 33 और तीन निर्दलीय जीते हैं। सपा एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हो सकी।

भाजपा की प्रचंड जीत पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बधाई दी है। नड्डा ने ट्वीट किया है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने इतिहास रच दिया है। भाजपा के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं। भाजपा की इस जीत ने डबल इंजन की सरकार के काम पर मुहर लगा दी।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह तो भाजपा के कार्यकर्ताओं की जीत है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री डा संजय निषाद ने कहा कि भाजपा को मिली प्रचंड जीत पीएम मोदी के प्रबंधन तथा योगी आदित्यनाथ के सुशासन की जीत है। यह उत्तर प्रदेश की जनता की जीत है। प्रदेश सरकार की नीतियों पर मुहर लगी है। उन्होंने कहा कि जब तक मुलायम सिंह यादव थे तभी तक समाजवाद ठीक था। अब तो सिर्फ नाम के समाजवादी बचे हैं। असली समाजवाद पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के पास है। जहां बिना भेदभाव नीतियां लोगों तक पहुंच रही हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि एमएलसी चुनाव में भाजपा की बंपर जीत तो पीएम मोदी व सीएम योगी के नेतृत्व की जीत है। अब तो 2024 के लोकसभा में भाजपा को इसी तरह से बंपर जीत मिलेगी। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि यह भाजपा की बड़ी जीत है। जीतने वाले प्रत्याशियों को शुभकामनाएं।

जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रत्याशी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी की जीत पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने भी बधाई दी है। प्रतापगढ़ के कुंडा से लगातार नौ बार विधायक राजा भैया ने कहा कि प्रतापगढ़ स्थानीय निकाय चुनाव में जनसत्ता दल के प्रत्याशी गोपाल जी की शानदार जीत पर सभी सम्मानित मतदाताओं, समर्थकों और दल के पदाधिकारियों को बहुत बहुत बधाई और हृदय से आभार। इनकी जीत ने साबित कर दिया कि हमारी पार्टी में दम है।  

Source :
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

लोकप्रिय

To Top