Maharashtra Board SSC HSC Exam Dates 2022 : महाराष्ट्र बोर्ड ने 10वीं ( एसएससी) और 12वीं ( एचएससी ) की परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी है। महाराष्ट्र बोर्ड 10वीं की परीक्षा 15 मार्च 2022 से 18 अप्रैल 2022 और 12वीं की परीक्षा 4 मार्च 2022 से 07 अप्रैल 2022 के बीच आयोजित होगी। परीक्षा तिथियों की घोषणा शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने की। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी।
वर्षा गायकवाड़ ने बताया कि 10वीं के प्रैक्टिकल/ मौखिक एग्जाम 25 फरवरी से 14 मार्च 2022 तक और 12वीं के प्रैक्टिकल/ मौखिक एग्जाम 14 फरवरी से 3 मार्च 2022 तक होंगे।
वर्षा गायकवाड़ ने कहा, ‘बोर्ड परीक्षा की तारीखों और उसके मोड को लेकर स्टूडेंट्स और पेरेट्स की ओर से काफी सवाल आ रहे थे। ऐसे में हम यह साफ कर देना चाहते हैं कि परीक्षा सिर्फ ऑफलाइन मोड से होगी। पिछले सालों की तुलना में बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल इस बार दो सप्ताह आगे बढ़ाया गया है ताकि स्कूल अपना सिलेबस पूरा कर सकें।’
वर्षा गायकवाड़ ने कहा, हम कोशिश करेंगे कि 12वीं का रिजल्ट जून 2022 के दूसरे हफ्ते तक और 10वीं का रिजल्ट जुलाई 2022 के दूसरे हफ्ते तक घोषित कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि, छात्रों का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
इस वर्ष जुलाई में गायकवाड़ ने 10वीं और 12वीं के सिलेबस में 25 फीसदी की कटौती का ऐलान किया था।