All for Joomla All for Webmasters
बिहार

बिहार में मौसम बदला: पटना, भोजपुर, गया, नालंदा, रोहतास और औरंगाबाद के लोग रहें अलर्ट

rain

Bihar Weather-Mausam News बिहार में मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिल रहा है। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने भोजपुर रोहतास गया नालंदा औरंगाबाद सहित कई जिलों में बारिश होने का अनुमान जारी किया है। जानिए क्‍या है अपडेट…

पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Weather Update: बिहार में मौसम लगातार बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी से नमीयुक्त हवा के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। रविवार को पटना समेत इसके आसपास इलाकों में बादल छाए रहने के साथ प्रदेश के औरंगाबाद, भोजपुर, गया, शेखपुरा, नालंदा, लखीसराय, जमुई, नवादा, कैमूर, रोहतास, बांका जिले में अगले दो से तीन घंटों में मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम स्तर के बारिश का पूर्वानुमान मौसम विज्ञान केंद्र ने दी है। मेघ गर्जन की संभावना को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।

वैशाली रहा बिहार का सबसे गर्म स्‍थान

बिहार का मौसम काफी तेजी से करवट बदल रहा है। बारिश का सिलसिला थमते ही राज्य के वातावरण में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। शनिवार को वैशाली राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। वैशाली में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस सीतामढ़ी में रिकार्ड किया गया। गया के वातावरण में कोहरा छाया रहा। रविवार को प्रदेश का वातावरण शुष्क रहा।

प्रदेश में बढ़ रहा पछुआ का प्रवाह

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि प्रदेश का वातावरण काफी तेजी से बदल रहा है। ठंडा का प्रभाव धीरे-धीरे खत्म हो रहा है और गर्मी दस्तक दे रही है। प्रदेश में पछुआ का प्रवाह धीरे-धीरे बढ़ रहा है। वर्तमान में धरातल से पांच किलोमीटर ऊपर तक पछुआ का प्रवाह जारी है। पछुआ की गति में तेजी आने से वातावरण साफ रहने की उम्मीद है। उधर बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण प्रदेश के दक्षिणी भाग के आकाश में बादल छा सकते हैं, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्से का आकाश साफ रहेगा।

मार्च के आखिर तक काफी बढ़ जाएगी गर्मी

उम्‍मीद जताई जा रही है कि राज्‍य में मार्च के आखिर तक यानी होली के आसपास गर्मी ठीकठाक असर दिखाने लगेगी। यूं भी अप्रैल से राज्‍य में गर्मी अपने पूरे रौ में आ जाती है। फिलहाल तापमान में हल्‍के उतार-चढ़ाव के साथ धीरे-धीरे सुबह-शाम लगने वाली ठंड भी जाती रहेगी और गर्मी का असर बढ़ता रहेगा। पछुआ हवा के कारण रात के वक्‍त अभी हल्‍की सर्दी महसूस हो रही है। पुरवा हवा बहने पर यह फर्क भी मिट जाएगा। राज्‍य में पुरवा हवा चलने के आसार पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने कुछ दिनों पहले ही जारी किया था, हालांकि अभी इसमें कुछ वक्‍त लग सकता है।

10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे चल रही हवा

पटना के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 10-12 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से पछुआ एवं उत्तर-पछुआ हवा का प्रवाह हो रहा है। जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तर-पश्चिम भाग के एक या दो स्थानों पर हल्के स्तर के बारिश व बूंदाबांदी की संभावना है। इसके अलावा अन्य हिस्सों का मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों के दौरान रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व एवं दक्षिण मध्य के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

Source :
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

लोकप्रिय

To Top